
कांग्रेस की प्रेशर पॉलिटिक्स को भाजपा ने किया रिलीज
-अब उपाध्यक्ष पद पर होगा घमासान
नई टिहरी। हारकर जीतने वाले को बाजीगर कहते हैं। ये फिल्मी डायलॉग बेहद मशहूर है और टिहरी कांग्रेस अब इसी डायलॉग के भरोसे है। अध्यक्ष पद पर भाजपा के मास्टर स्ट्रोक के बाद बैकफुट पर आई कांग्रेस को अब जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी मान सिंह रौतेला की जीत टॉनिक दे सकती है।
प्रतापनगर ब्लाक की कफलोग सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मान सिंह रौतेला और नरेंद्रनगर ब्लाक की तिमली सीट से भाजपा प्रत्याशी हुकुम सिंह के बीच जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर जंग है। अध्यक्ष पद पर सोना सजवाण को टिकट मिलने के बाद कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर भाजपा की बागी इशिता को खुलकर समर्थन देकर भाजपा को प्रेशर में ला दिया था, और इशिता ने भी अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन करा डाला और जीत की स्थिति में आ गई। ऐसे में अध्यक्ष पद पर बाजी पलटती देख भाजपा ने प्रेशर रिलीज करते हुए मास्टर स्ट्रोक खेलकर ऐन नाम वापसी के दिन अध्यक्ष पद पर इशिता को अधिकृत प्रत्याशी बना दिया। जिसके बाद इशिता निर्विरोध अध्यक्ष बन गई। लेकिन अब उपाध्यक्ष पद पर कम सदस्यों के साथ भाजपा के लिये जीत दर्ज करना आसान नहीं होगा। संख्या बल भाजपा के पास कम है भाजपा 13 सदस्यों के भरोसे जीत का सपना देख रही है। वहीं इशिता को खुलकर समर्थन देने वाली कांग्रेस को उम्मीद है कि उपाध्यक्ष पद पर वह जीत हासिल कर लेगी। कांग्रेस के पास 14 सदस्य है और 18 निर्दलीय सदस्यों पर भी कांग्रेस को पूरा भरोसा है। हालांकि अध्यक्ष पद पर इशिता के निर्विरोध अध्यक्ष बनने के बाद अब समीकरण पूरी तरह बदल गये हैं, लेकिन कांग्रेस को अभी भी उम्मीद है कि पंचायत चुनाव में शुरुआत तो भाजपा ने की लेकिन चुनाव को बाजीगर बनकर खत्म कांग्रेस ही करेगी।



