
– पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सजवाण की पत्नी हैं अंबिका सजवाण
नई टिहरी। नई टिहरी की जेल रोड पर सी ब्लॉक में भवन निर्माण के दौरान अवैज्ञानिक तरीके से हुई खुदाई के कारण सरकारी आवासों को खतरा हो गया है। भारी भूस्खलन होने के मामले में जिला प्रशासन ने पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सजवाण की पत्नी व टिहरी की पूर्व जिला पंचायत अंबिका सजवाण के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
नई टिहरी जेल रोड के सी ब्लॉकस्थित भूखंड संख्या पी-06 और पी-07 पर किए खनन व कटान से भारी भूस्खलन हुआ है। संबंधित भूखंड पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण की पत्नी अंबिका सजवाण ने क्रय किए हैं, जबकि वह मूल विस्थापित पात्र नहीं हैं। प्रशासन का कहना है कि भूखंड पर कराए गए विकास कार्यों के लिए की गई खुदाई से कई सरकारी आवास और पार्क की नींव प्रभावित हुई है, जिससे वहां निवास कर रहे परिवारों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। प्रशासन ने बताया कि खतरे को देखते हुए स्थल पर बैरिकेडिंग कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की जन-धन की हानि न हो। साथ ही, परगना मजिस्ट्रेट न्यायालय के वाद संख्या 02/2026 में पारित आदेशों के अनुपालन में लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड), नई टिहरी के अधिशासी अभियंता के निर्देशन में सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस मामले में अवैध भू-कटान को लेकर उत्तराखंड सरकार बनाम अंबिका सजवाण पत्नी शूरवीर सिंह सजवाण के विरुद्ध परगना मजिस्ट्रेट न्यायालय, टिहरी गढ़वाल में वाद संख्या 02/2026 के तहत बीएनएसएस की धारा 152 में वाद भी दायर किया गया है। एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता का कहना है कि मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



