
हरिद्वार। उत्तराखंड से एक बड़ी खबर सामने आई है। हरिद्वार में शिकारियों ने दो बाघों का शिकार कर उनके पैर काट लिये। बाघों के शिकार के बाद वन विभाग में हड़कंप मचा है। वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज में दो बाघों के शिकार का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में बाघों को जहर देकर मारने की बात सामने आ रही है। इस मामले में वन विभाग ने एक वन गुज्जर को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी फरार चल रहे हैं।
बीते रविवार शाम हरिद्वार वन प्रभाग की सजनपुर बीट में गश्त के दौरान एक बाघ का शव बरामद किया गया। मौके पर एक मृत भैंस भी मिली। जांच में सामने आया कि शिकारियों ने भैंस के शव पर जहरीला पदार्थ डाला था। जिससे भैंस का मांस खाने के बाद बाघ की मौत हो गई। इसके बाद शिकारियों ने बाघ के चारों पैर काट लिए और उन्हें बेचने की तैयारी में थे। वन विभाग ने आलम निवासी गुज्जर डेरा, श्यामपुर को गिरफ्तार किया है। मंगलवार शाम को विभाग ने एक अन्य मादा बाघ का शव घटनास्थल से 150 मीटर दूर बरामद किया। इसके भी पैर कटे हुए मिले।
इस मामले में आरोपी आमिर हमजा उर्फ मियां निवासी गुज्जर डेरा, श्यामपुर कम्पार्टमेंट-03 फरार हो गया है। इसके अलावा आलम ने दो अन्य लोगों के नाम बताए हैं। इनमें आशिक और जुप्पी निवासी श्यामपुर शामिल हैं। यह दोनों भी गुर्जर बस्ती में ही रहते हैं।



